|
कुआलालम्पुरः फुटबॉल फेडरेशन ऑस्ट्रेलिया (एफएफए) अगले साल जनवरी से एएफसी की कोचिंग लायसेंस प्रणाली को अपनाएगा। एफएफए के कोच शिक्षा विभाग के प्रमुख कैली क्रॉस तथा एएफसी कोच शिक्षा विभाग के बीच बुधवार को हुई बैठक में ऑस्ट्रेलिया में अभी लागू प्रणाली के एएफसी में विलय पर सहमति बनी। एएफसी कोच शिक्षा विभाग के निदेशक हसन अल सबाह ने कहा कि दिसंबर २००६ तक एफएफए द्वारा प्रशिक्षकों को जारी राष्ट्रीय लायसेंस को एएफसी 'ए' लायसेंस के बराबर माना जाएगा तथा एफएफए के राज्य लायसेंस को एएफसी 'बी' लायसेंस के बराबर माना जाएगा। अल सबाह ने कहा - 'हम एफएफए द्वारा पूर्व में संचालित कार्यक्रमों का सम्मान करते है मगर एक नए सदस्य के नाते उन्हें अगले साल से हमारी प्रणाली को अपनाना होगा।' 'बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि एफएफए द्वारा संचालित छोटे कोर्स को एएफसी 'सी' लायसेंस की तैयारी के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।' एएफसी के उपदेशक ऑस्ट्रेलियाई उपदेशकों की मदद से पहले कोर्स संचालित करेंगे। क्रॉस ने कहा - 'हमने सभी विषयों पर चर्चा की है तथा एफएफए अब एएफसी की प्रणाली अपनाने को आतुर है।' क्रॉस एएफसी अंडर-१४ फेस्टिवल ऑफ फुटबॉल को देखकर एएफसी के ग्रासरूट तथा यूथ विभाग के कार्यक्रमों का भी जायजा ले रहे है।
|