|
कुआलालम्पुरः एएफसी अध्यक्ष मोहम्मद बिन हम्माम ने विश्वास व्यक्त किया है कि शुक्रवार को एएफसी के विज़न बांग्लादेश कार्यक्रम के अंतर्गत शुरू हो रहे बांग्लादेश पेशेवर फुटबॉल लीग से वहाँ खेल के पेशेवर विकास में मदद मिलेगी। बांग्लादेश फुटबॉल फेडरेशन को भेजे अपने संदेश में बिन हम्माम ने कहा - 'बांग्लादेश में फुटबॉल विकास की काफी संभावनाएँ है। विज़न बांग्लादेश प्रतिभाओं को खोजने और पेशेवर विकास का एक मॉडल है तथा कड़ी मेहनत से बांग्लादेश में फुटबॉल का स्तर ऊँचा हो सकता है।' उन्होने आगे कहा - 'बांग्लादेश पेशेवर फुटबॉल लीग एक महत्वपूर्ण अंग है और इससे बांग्लादेश के खिलाड़ियों, क्लबों, रैफरियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों को एक बड़ा मंच उपलब्ध होगा। मुझे विश्वास है कि यह लीग बांग्लादेशी फुटबॉल इतिहास में नए युग का प्रारंभ साबित होगा।' एएफसी अध्यक्ष ने इस दक्षिण एशियाई देश में खेल के विकास और लोकप्रियता को बढ़ाने के लिए बीएफएफ द्वारा किए जा रहे प्रयासों की तारीफ भी की। 'बांग्लादेश को २००४ में एएफसी ने उनकी कटिबद्धता के कारण पायलट प्रोजेक्ट के लिए चुना था और उसके बाद से बीएफएफ ने प्रशासन, प्रबंधन, क्लब, प्रतियोगिताएँ, ग्रासरूट तथा यूथ कार्यक्रम और कोच तथा रैफरी शिक्षा के क्षेत्रों में काफी तरक्की की है।' उन्होने बीएफएफ के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए बांग्लादेशी फुटबॉल से जुड़े लोगों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वहाँ के फुटबॉल को लाने का निवेदन किया है।
|