|
ढाकाः अबाहानी स्पोर्टिंग क्लब और मुक्तिजोधा संगसाड के बीच मैच से पहले बांग्लादेश पेशेवर फुटबॉल लीग की शुरूआत २ मार्च को स्थानीय बंगाबंधु नेशनल स्टेड़ियम पर होगी। देश के सबसे पुराने फुटबॉल क्लबों में से एक अबाहानी की स्थापना १९७२ में की गई थी और उन्होने राष्ट्रीय लीग खिताब आठ मर्तबा जीता है तो उतनी ही बार वे उपविजेता रहे है। क्लब ने चार बार फेडरेशन कप भी जीता है तथा कई राष्ट्रीय खिलाड़ी उनकी ओर से खेलते है। क्लब ने बांग्लादेश के पूर्व कोच अर्जेन्टीना के डिएगो क्रुसियानी को टीम की बागड़ोर सौंपी है और अर्जेन्टीना के तीन खिलाड़ी - डिफेंडर मारिनो कापोराल, मिडफिल्डर मारियो सांचेज़ तथा स्ट्राइकर हेक्टर हर्नांडो को भी शामिल किया है। क्रुसियानी ने बांग्लादेश वापसी के बाद कहा था - 'अबाहानी ने इस सत्र में काफी तगड़ी टीम बनाई है तथा मेरा पूरा ध्यान उनके उद्देश्यों की पूर्ति पर होगा।' मोहम्मद अबु युसुफ द्वारा प्रशिक्षित मुक्तोजोधा स्थानीय खिलाड़ियों पर निर्भर होगा। उन्होने कहा - 'हमारा ध्येय लीग की श्रेष्ठ टीम बनना है और हम स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी ताकत मानते है।' वर्ष १९४९ में स्थापित ब्रदर्स यूनियन को दूसरे मैच में ३ मार्च को चित्तगोंग अबाहानी से खेलना है। खिताब के प्रबल दावेदारों में से एक ब्रदर्स ने भारत के पूर्व कोच सैयद नयिमुद्दीन को अपना कोच नियुक्त किया है। मोहम्म्डन स्पोर्टिंग क्लब वर्ष १९३३ में स्थापित किया गया था तथा उन्होने लीग खिताब १९५७ से १९९९ के बीच १५ मर्तबा जीता है। शफिकुल ईस्लाम मानिक द्वारा प्रशिक्षित मोहम्मडन को पहले दौर में आरामबाग से ७ मार्च को खेलना है और उनके कोच का मानना है कि टीम में खिताब जीतने की काबिलियत है। इस बीच बांग्लादेश फुटबॉल फेडरेशन ने लीग के प्रसारण के अधिकार चैनल आय को दिए है। यह चैनल २ मार्च के शुरूआती मैच को मिलाकर कुल ४० मैचों का सीधा प्रसारण करेगा। बीएफएफ ने १९६० के बाद के सभी राष्ट्रीय खिलाड़ियों को शुभारंभ अवसर पर आमंत्रित किया है। पहला मैच ५.५० बजे शुरू होगा। मैच के बाद बांग्लादेश के सितारा गायक अयुब बच्चु का कार्यक्रम होगा। पहले दौर के अन्य मुकाबलों में खुलना अबाहानी का मुकाबला रहमतगंज से ३ मार्च को और शेख रसेल को चित्तगोंग मोहम्मडन से ६ मार्च को खेलना है।
|