|
ढाकाः बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ियों ने कहा है कि बांग्लादेश पेशेवर फुटबॉल लीग की शुरूआत देश के फुटबॉल इतिहास में मील का पत्थर साबित होगी। ग्यारह टीमों का यह लीग अबाहानी और मुक्तिजोधा के बीच मैच के साथ शुक्रवार को स्थानीय बंगाबंधु नेशनल स्टेड़ियम पर शुरू होगा। वर्ष १९८२ में २७ गोल कर बांग्लादेश में एक सत्र में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम करने वाले सलाम मोर्शेदी का मानना है कि इस पेशेवर लीग से क्लबों और खिलाड़ियों दोनों को फायदा पहुँचेगा। १९७८ से १९८६ तक देश का प्रतिनिधित्व कर चुके और आज़ाद स्पोर्टिंग, बीजीएमसी तथा मोहम्मडन स्पोर्टिंग जैसे क्लबों की ओर से खेल चुके इस स्ट्राइकर ने पुराने लीग के बारे में कहा - 'उस दौरान गुणी खिलाड़ी थे और व्यक्तिगत खिलाड़ियों का खेल देखने के लिए लोग आते थे मगर मुझे विश्वास है कि बांग्लादेश पेशेवर फुटबॉल लीग देश के फुटबॉल इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा।' मुक्तिजोधा संगसाड के कोच और १९७४ से १९८६ तक राष्ट्रीय टीम के डिफेंडर रहे मोहम्मद अबु युसुफ ने कहा कि ग्रासरूट विकास कार्यक्रम और पेशेवर लीग का देश के फुटबॉल पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। मोहम्मडन तथा अबाहानी क्लबों की ओर से खेल चुके तथा मर्डेका कप, एशियाई खेल और एशियन कप पात्रता दौर में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके युसुफ ने कहा - 'पुराने दौर में लोग फुटबॉल के दीवाने थे और समय आ गया है कि यह खेल अपने स्वर्णिम दिन वापस पा लेगा।' 'एएफसी ने ग्रासरूट तथा यूथ कार्यक्रम भी शुरू किया है तथा यह निश्चित तौर पर अच्छे परिणाम देगा।' धानमोंडी तथा ढाका मोहम्मडन क्लबों की ओर से खेल चुके तथा १९८७ से १९९४ तक देश का प्रतिनिधित्व करने वाले रूम्मन बिन वली शब्बीर ने कहा - 'बांग्लादेश पेशेवर फुटबॉल लीग की शुरूआत एक सही कदम है और क्लबों इससे जल्द सुधार होगा। क्लबों तथा बीएफएफ ने यह शुरूआत कर एक बड़ा कदम उठाया है और मुझे इसकी सफलता की आशा है।' राष्ट्रीय टीम की ओर से १९८० से १९९१ के बीच खेले और ब्रदर्स यूनियन तथा अबाहानी के सितारा खिलाड़ी के. वासिम इकबाल ने कहा - 'क्लब अभी पेशेवर लीग के लिए नए है मगर निकट भविष्य में यह अच्छे नतीजे देगा।'
|