|
ढाकाः बांग्लादेश के अखबारों ने शुक्रवार को बांग्लादेश पेशेवर फुटबॉल लीग की शुरूआत का स्वागत करते हुए इसे देश के फुटबॉल इतिहास के लिए नई शुरूआत करार दिया है। अग्रणी अंग्रेजी दैनिक द डेली स्टार ने खेल पृष्ठों के पहले पन्ने पर अबाहानी ढाका तथा मुक्तिजोधा संगसाड के मैच के विषय में खबर प्रमुखता से छापी है। यह मैच स्थानीय बंगाबंधु नेशनल स्टेड़ियम पर स्थानीय समयानुसार ५.५० बजे शुरू होगा। 'फुटबॉल की नई शुरूआत' हैडलाइन में द डेली स्टार ने लिखा है - 'फुटबॉल आज से देश में पेशेवर रूख अख्तियार कर रहा है और अबाहानी तथा मुक्तिजोधा इसके साथ इतिहास बनाएँगे।' अखबार ने इसके अलावा दोनों टीमों की तैयारियों को भी स्थान दिया है। पूरे देश के अंग्रेजी और बंगाली अखबारों में इस लीग की शुरूआत को प्रमुखता से छापा गया है। एक अन्य अंग्रेजी दैनिक न्यू एज ने विस्तार से देश में पेशेवर लीग की शुरूआत को 'अबाहानी और मुक्ति इतिहास बनाएँगे आज' खबर में लिखा है। द न्यूज़ टुड़े ने 'अबाहानी, मुक्तिजोधा मुकाबले के लिए तैयार' शीर्षक के अंदर मैच के विषय में लिखा है। अग्रणी बंगाली दैनिक प्रथम आलो ने लिखा है - 'अबाहानी और मुक्तिजोधा के बीच मैच बांग्लादेशी फुटबॉल में एक नए युग की शुरूआत साबित होगा।'
|